ग्रेटर नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज़: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Jewar Airport) से उड़ान भरने का सपना अब सच होने जा रहा है। विमानन कंपनी इंडिगो (IndiGo) ने गुरुवार दोपहर से नोएडा एयरपोर्ट के लिए टिकटों की बिक्री शुरू कर दी है। यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने पुष्टि की है कि एयरपोर्ट से पहली कमर्शियल फ्लाइट 15 जून 2026 की सुबह लखनऊ से नोएडा (जेवर) के लिए उड़ान भरेगी।
15 जून से लखनऊ और बेंगलुरु की उड़ानें
शेड्यूल के मुताबिक, इंडिगो की पहली फ्लाइट 15 जून की सुबह लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरेगी और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (कोड: DXN) पर लैंड करेगी।
फ्लाइट टाइमिंग: जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट लखनऊ से सुबह 8:15 बजे नोएडा एयरपोर्ट पहुँचेगी।
कनेक्टिविटी: यहाँ मात्र 5 मिनट के ठहराव के बाद यह विमान सुबह 8:20 बजे बेंगलुरु के लिए रवाना हो जाएगा।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि टिकट विंडो खुलने के साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करोड़ों लोगों के लिए हवाई सफर का एक नया और सुगम विकल्प खुल गया है। नोएडा एयरपोर्ट के शुरू होने से न केवल दिल्ली के आईजीआई (IGI) एयरपोर्ट पर दबाव कम होगा, बल्कि जेवर, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के यात्रियों को अब फ्लाइट पकड़ने के लिए दिल्ली जाने की जरूरत नहीं होगी।
15 जून से लखनऊ, बेंगलुरु, हैदराबाद और अमृतसर के लिए सीधी उड़ानें शुरू होंगी। इसके बाद 1 जुलाई से जयपुर, भोपाल, जम्मू, श्रीनगर और देहरादून जैसे 16 अन्य शहरों के लिए भी इंडिगो अपनी सेवाएं चरणबद्ध तरीके से विस्तार करेगी।

