गौतमबुद्धनगर पुलिस का ‘ऑपरेशन दहन’; थानों में जब्त 18.88 करोड़ के नशीले पदार्थ किए गए नष्ट

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में 'ऑपरेशन दहन' के तहत जब्त किए गए 18 करोड़ 88 लाख रुपये मूल्य के भारी मात्रा में नशीले पदार्थ किए गए नष्ट।

Partap Singh Nagar
3 Min Read
ऑपरेशन दहन: नोएडा पुलिस ने फूंक दी 18.88 करोड़ की ड्रग्स; कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर बड़ा एक्शन

गौतमबुद्धनगर/ भारतीय टॉक न्यूज़ :  उत्तर प्रदेश के सबसे हाई-टेक जिले गौतमबुद्धनगर को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ पुलिस कमिश्नरेट ने एक बेहद बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस कमिश्नर (CP) लक्ष्मी सिंह के कड़े रुख और निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन दहन” के तहत मंगलवार को विभिन्न थानों द्वारा जब्त किए गए करोड़ों रुपये के नशीले पदार्थों को पूरी तरह विनिष्ट (नष्ट) कर दिया गया।

नष्ट किए गए इन मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 18 करोड़ 88 लाख 50 हजार 750 रुपये आंकी गई है।

कोर्ट की अनुमति के बाद बनी हाई-लेवल कमेटी

पुलिस कमिश्नरेट के मीडिया सेल के मुताबिक, जिले के अलग-अलग थानों में चेकिंग और विशेष अभियानों के दौरान एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत ये नशीले पदार्थ बरामद किए गए थे। इनके सुरक्षित और विधिवत निस्तारण के लिए पुलिस कमिश्नर के आदेश पर एक विशेष समिति (कमेटी) का गठन किया गया था। इसके बाद माननीय न्यायालय से विधिवत अनुमति प्राप्त कर पूरी पारदर्शिता के साथ इस भारी खेप को नष्ट कराया गया।

क्या-क्या हुआ नष्ट? (नशीले पदार्थों का लेखा-जोखा)

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, “ऑपरेशन दहन” के तहत कुल मिलाकर कई टन ड्रग्स को आग के हवाले व नष्ट किया गया, जिसमें मुख्य रूप से शामिल हैं:

🔸गांजा: 2918.67 किलोग्राम

🔸चरस: 18.805 किलोग्राम

🔸 डोडा: 30.4 किलोग्राम

🔸हेरोइन:  1.12 किलोग्राम

🔸ड्रग्स गोलियां:  1.77 किलोग्राम

🔸 एमडीएमए (MDMA):  120 ग्राम

“नशा मुक्त समाज – सुरक्षित भविष्य” का संकल्प

गौतमबुद्धनगर पुलिस इस कार्रवाई को नशा तस्करों की कमर तोड़ने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मान रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से न सिर्फ अपराधियों में खौफ पैदा होगा, बल्कि जिले की भावी पीढ़ी और युवाओं को नशे के चंगुल में फंसने से बचाने में भी बड़ी मदद मिलेगी।

पुलिस की आमजन से अपील: 112 पर दें सूचना

इस बड़े अभियान के बीच पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि लोग इस सामाजिक बुराई के खिलाफ जंग में पुलिस के सहभागी बनें। यदि आपके आसपास कोई भी व्यक्ति नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री या किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि में लिप्त दिखाई देता है, तो उसकी सूचना तुरंत अपने नजदीकी पुलिस थाने या फिर डायल-112  पर दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *