रबूपुरा/ग्रेटर नोएडा, भारतीय टॉक न्यूज़: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सेक्टर-22D स्थित सुपरटेक गोल्फ कंट्री सोसाइटी इन दिनों स्थानीय ग्रामीणों और विदेशी नागरिकों के बीच उपजे भारी तनाव का केंद्र बन गई है. क्षेत्र के मिर्जापुर, चपरगढ़, खेरलीभाव और मिलक आदि गांवों के निवासियों ने रबूपुरा कोतवाली पुलिस को एक सामूहिक शिकायत पत्र सौंपकर यहां रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इन विदेशी नागरिकों की संदिग्ध गतिविधियों, आए दिन होने वाले हंगामे और अराजकता के कारण पूरे इलाके में दहशत और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है. इस बीच, विदेशियों द्वारा किए जा रहे हंगामे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

महिलाओं से अभद्रता और स्कूल जाते बच्चों का पीछा करने का आरोप
पुलिस को सौंपी गई शिकायत में ग्रामीणों ने बेहद गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि जब सुबह-शाम गांव के बुजुर्ग व महिलाएं टहलने निकलते हैं, या बच्चे स्कूल जाते हैं, तो ये विदेशी नागरिक कथित तौर पर उनका पीछा करते हैं. आरोप है कि ये लोग महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों पर गलत नीयत से अश्लील इशारे और फब्तियां कसते हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है.
इसके अलावा, ग्रामीणों ने यह भी दावा किया है कि इस सोसाइटी में रह रहे अधिकांश विदेशी नागरिकों के पास वैध वीजा (Valid Visa) तक नहीं है और वे अवैध रूप से भारत में शरण लिए हुए हैं. ये लोग बिना रजिस्ट्रेशन और एक्सपायर हो चुके वाहनों का इस्तेमाल करते हुए सड़कों पर हुड़दंग मचाते हैं।
“यहां चलता है नशे का बड़ा सिंडिकेट, पहले भी आ चुकी है पंजाब पुलिस”
शिकायत पत्र में स्थानीय निवासियों ने सुरक्षा को लेकर बड़ी आशंका जताते हुए कहा है कि ये विदेशी नागरिक बड़े स्तर पर मादक पदार्थों (ड्रग्स) के अवैध कारोबार में लिप्त हैं. ग्रामीणों के मुताबिक:
“इस सोसाइटी में नशे का एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय है. इसके तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हैं, जिसके चलते पूर्व में पंजाब पुलिस की टीम ने यहां बकायदा छापेमारी कर कई विदेशी नागरिकों को नशीले पदार्थों के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया था.”
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन संदिग्ध विदेशियों की जांच कर उन पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो ग्रामीण अपनी और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा के लिए खुद धरातल पर बड़ा एक्शन लेने को मजबूर होंगे.
पुलिस का बयान: जांच के बाद होगी कठोरतम कार्रवाई
इस पूरे संवेदनशील मामले पर रबूपुरा कोतवाली के एसएसआई (SSI) अश्वनी कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत को बेहद गंभीरता से लिया गया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और ग्रामीणों के आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है. एलआईयू (Local Intelligence Unit) को भी इस संबंध में सक्रिय कर दिया गया है ताकि विदेशियों के पासपोर्ट और वीजा की वैधता जांची जा सके. जांच में जो भी विदेशी नागरिक बिना वैध दस्तावेजों के या किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

