ग्रेटर नोएडा पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह का जोरदार स्वागत, प्रेस वार्ता में बोले- ‘खुद को कभी अपराधी नहीं माना’

बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह नोएडा पहुंचे। समर्थकों ने जीरो प्वाइंट पर स्वागत किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बरी होने पर विपक्ष पर बोला हमला और कलराज मिश्र ने दिया आशीर्वाद।

Partap Singh Nagar
4 Min Read
ग्रेटर नोएडा पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह का जोरदार स्वागत, प्रेस वार्ता में बोले- 'खुद को कभी अपराधी नहीं माना'

ग्रेटर नोएडा / नोएडा / भारतीय टॉक न्यूज़ : भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का नोएडा और ग्रेटर नोएडा आगमन पर समर्थकों और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। ग्रेटर नोएडा के जीरो प्वाइंट पर एकत्रित हुए कार्यकर्ताओं ने उन्हें माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया, जिसके बाद वे नोएडा के सेक्टर-14 स्थित कार्यक्रम के लिए रवाना हुए।

अदालत से राहत और बरी होने के बाद आयोजित इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में बृजभूषण शरण सिंह ने विरोधियों और विपक्ष पर तीखे हमले बोले, वहीं अपने ऊपर लगे आरोपों पर भी बेबाकी से जवाब दिया।

जीरो प्वाइंट से लेकर सेक्टर-14 तक हुआ भव्य स्वागत

ग्रेटर नोएडा के जीरो प्वाइंट पर पहुंचे पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का पूर्व मंडल अध्यक्ष विजय रावल, ओमप्रकाश प्रधान, नितिन भाटी, शुभम रावल, रोहित नागर और अक्षत सिंह सहित बड़ी संख्या में समर्थकों ने फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इस दौरान समर्थकों ने उनके समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इसके पश्चात पूर्व सांसद नोएडा के सेक्टर-14 पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उनका गर्मजोशी से अभिवादन किया।

‘आरोप सही साबित होते तो फांसी पर लटक जाता’

अदालत से बरी होने के बाद नोएडा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया से बातचीत करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा:

“मैंने खुद को कभी अपराधी नहीं माना। मैं शुरू से कह रहा था कि मेरे खिलाफ एक सोची-समझी साजिश रची गई है। मैंने तो यह भी कहा था कि अगर मेरे ऊपर लगे आरोप सही साबित हो जाते हैं, तो मैं खुद फांसी के फंदे पर लटक जाऊंगा। लेकिन न्यायपालिका पर मुझे पूरा भरोसा था। कोर्ट ने निष्पक्ष सुनवाई की और मुझे सभी बेबुनियाद आरोपों से बरी कर दिया।”

बृजभूषण सिंह ने आम आदमी पार्टी (AAP) और तृणमूल कांग्रेस (TMC) सहित पूरे विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक दुर्भावना के तहत उनके खिलाफ यह षड्यंत्र रचा गया था।

पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने दिया आशीर्वाद

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र भी मौजूद रहे। बृजभूषण शरण सिंह का समर्थन करते हुए कलराज मिश्र ने कहा कि कोर्ट में आरोप साबित नहीं हो सके और उन्हें न्याय मिला है।

कलराज मिश्र ने कहा, “मेरा बृजभूषण शरण सिंह के परिवार से बहुत पुराना और पारिवारिक रिश्ता है। सत्य की हमेशा जीत होती है और कोर्ट के इस फैसले से न्याय की जीत हुई है।” उन्होंने पूर्व सांसद को अपना स्नेहाशीष भी दिया।

बेटी के चुनाव लड़ने के सवाल पर कही यह बात

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब पत्रकारों ने उनकी बेटी के नोएडा से आगामी विधानसभा या लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर सवाल पूछा, तो बृजभूषण शरण सिंह ने विराम लगाते हुए कहा कि “अभी इस विषय पर चर्चा करने का सही समय नहीं है।” उन्होंने चुनाव संबंधी अटकलों को फिलहाल के लिए टाल दिया।

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *