भारतीय टॉक न्यूज़ (क्राइम डेस्क)/ ग्रेटर नोएडा: सड़क पर थार गाड़ी से टक्कर मारकर रंगदारी दिखाने और गाली-गलौज व मारपीट करने वाले तीन मनबढ़ अभियुक्तों को दनकौर पुलिस ने धर दबोचा है। पकड़ा गया मुख्य आरोपी नासिर पहले भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से तीनों वांछित अभियुक्तों को ग्राम अच्छेजा बुजुर्ग से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या था पूरा मामला: थार से टक्कर मारकर दी थी जान से मारने की धमकी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 24 अगस्त 2026 की है। पीड़ित पक्ष के आरिफ, इरफान और नदीम (निवासी ग्राम अच्छेजा बुजुर्ग) अपनी कार (MH47A4641) से दनकौर की ओर आ रहे थे। तभी ग्राम डूंगरपुर रीलका के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार महिंद्रा थार (UP14HF3841) के चालक ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी।
जब पीड़ित इरफान ने गाड़ी में टक्कर मारने का विरोध किया, तो थार सवार तीनों आरोपियों ने आपा खो दिया। आरोपियों ने पीड़ित युवकों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जमकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। वादी की तहरीर के आधार पर थाना दनकौर में बीएनएस (BNS) की विभिन्न संगीन धाराओं में मामला (मु०अ०सं० 204/26) पंजीकृत किया गया था।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण और आपराधिक इतिहास
दनकौर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 26 अगस्त को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों का ब्योरा:
🔸 नासिर पुत्र आबिद (उम्र 30 वर्ष), निवासी ग्राम तोड़ी, थाना भोजपुर, जनपद गाजियाबाद।
🔸कासिम पुत्र आबिद (उम्र 26 वर्ष), निवासी ग्राम तोड़ी, थाना भोजपुर, जनपद गाजियाबाद।
🔸 अब्दुल माजिद पुत्र इकबाल (उम्र 30 वर्ष), निवासी ग्राम तोड़ी, थाना भोजपुर, जनपद गाजियाबाद।
पुलिस जांच में सामने आया कि पकड़े गए आरोपियों में नासिर का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है; उसके खिलाफ थाना फेस-2 (गौतमबुद्धनगर) में धारा 393 (IPC) के तहत मुकदमा दर्ज है। वहीं दूसरे आरोपी कासिम के खिलाफ थाना भोजपुर (गाजियाबाद) में भी मारपीट और धमकी देने के मामले दर्ज हैं। दनकौर पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में गुंडागर्दी और रोड रेज करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

