ग्रेटर नोएडा: लखनवाली गांव में 14 वर्षीय दिव्यांग किशोर के कमरे की बिजली-पानी काटी, ऑक्सीजन पर निर्भर बच्चे को लेकर डीएम दफ्तर पहुँची माँ

ग्रेटर नोएडा के लखनवाली गांव में 14 वर्षीय बीमार और दिव्यांग किशोर के कमरे का बिजली-पानी काटने का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों ने एडीएम से मदद की गुहार लगाई।

Partap Singh Nagar
3 Min Read
ग्रेटर नोएडा: लखनवाली गांव में 14 वर्षीय दिव्यांग किशोर के कमरे की बिजली-पानी काटी, ऑक्सीजन पर निर्भर बच्चे को लेकर डीएम दफ्तर पहुँची माँ

भारतीय टॉक न्यूज़ (विशेष रिपोर्ट)/ ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के लखनवाली गांव से अमानवीयता और संवेदनहीनता की बेहद परेशान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ पिछले 14 वर्षों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे एक 14 वर्षीय दिव्यांग बच्चे को प्रताड़ित करने की नीयत से बुधवार रात उसके कमरे का बिजली और पानी का कनेक्शन काट दिया गया। पीड़ित किशोर का इलाज लंबे समय से जारी है और उसे भोजन नली (फीडिंग ट्यूब) के जरिए दिया जाता है। रात में कई बार उसे मेडिकल ऑक्सीजन की भी सख्त जरूरत पड़ती है। भीषण गर्मी और बिजली-पानी ठप होने के कारण बच्चे की हालत अचानक बिगड़ने लगी।

पुलिस से नहीं मिली मदद तो बीमार बच्चे को गोद में लेकर डीएम दफ्तर पहुँचे परिजन

पीड़ित बच्चे की मां संगीता का आरोप है कि बुधवार रात जब बिजली और पानी का कनेक्शन काटा गया, तो उन्होंने मदद के लिए पुलिस और स्थानीय प्रशासन को कई बार फोन मिलाया, लेकिन मौके पर कोई सहायता नहीं पहुँची।

रात भर जैसे-तैसे बच्चे की संभाल करने के बाद, बृहस्पतिवार सुबह मां संगीता अपने पिता हरकिशन और अन्य रिश्तेदारों के साथ अचेत पड़े दिव्यांग बेटे को लेकर कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी (DM) कार्यालय पहुँच गईं। डीएम की अनुपस्थिति में एडीएम (ADM) अजीत सिंह ने मामले की गंभीरता को समझा और पीड़ित परिवार की आपबीती सुनी। उन्होंने तुरंत एडीसीपी (ADCP) सेंट्रल नोएडा को फोन कर दोषियों के खिलाफ तत्काल और सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए।

दिव्यांग किशोर के नाना हरकिशन ने आरोप लगाया कि कुछ दबंग और अराजक तत्व लंबे समय से उनकी बेटी संगीता और नाती को तरह-तरह से प्रताड़ित कर रहे हैं। बिना बिजली और पानी के गंभीर रूप से बीमार बच्चे की जान पर बन आई थी।

पीड़ित परिवार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और बच्चे के कमरे का बिजली-पानी कनेक्शन तुरंत बहाल कराने की गुहार लगाई है। इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन हरकत में आया है और मामले की गहन जांच में जुट गया है।

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *