नोएडा (गौतमबुद्धनगर)/भारतीय टॉक न्यूज़ : नोएडा पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अवैध मादक पदार्थों और तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फेज-1 पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हाल ही में पुलिस सिपाही पुनीत से साठगांठ का ऑडियो वायरल होने के बाद चर्चा में आई गांजा तस्कर ‘लेडी डॉन’ हेमा को पुलिस कस्टडी रिमांड (PCR) पर लेकर उसकी निशानदेही पर 23 किलोग्राम 400 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है।
बरामद किए गए इस गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
खंडहरनुमा बिल्डिंग से बरामद हुई गांजे की बड़ी खेप
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, माननीय न्यायालय गौतमबुद्धनगर से स्वीकृत पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान जब पुलिस ने अभियुक्ता हेमा से गहन पूछताछ की, तो उसने अपने काले कारोबार का राज खोला।
इसके बाद थाना फेज-1 पुलिस की टीम हेमा को लेकर सेक्टर-8 स्थित F-24 खंडहरनुमा बिल्डिंग पहुंची। वहां अभियुक्ता की निशानदेही पर छिपाकर रखा गया 23.400 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया।
दिल्ली से मंगवाती थी खेप, कोर्ट में किया था सरेंडर
पूछताछ के दौरान अभियुक्ता ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से गांजा और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त थी। वह बड़े पैमाने पर दिल्ली के सरगनाओं से गांजे की खेप मंगवाकर नोएडा और आसपास के इलाकों में छोटी-मोटी पुड़ियों में सप्लाई करवाती थी।
उल्लेखनीय है कि हेमा थाना फेज-1 पर पंजीकृत मु0अ0सं0 309/2026 (धारा 8/20/29 NDPS Act) में लंबे समय से वांछित चल रही थी। पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण उसने बीते 29 जुलाई 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण (Surrender) किया था। इससे पूर्व 26 जून 2026 को पुलिस ने उसके दो मुख्य साथियों (टिंकू और मो0 मुजफ्फर अंसारी) को भी गांजे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
वही ‘हेमा’ जिसके चक्कर में बर्खास्त हुआ सिपाही पुनीत!
आपको बता दें कि यह वही कुख्यात तस्कर हेमा है, जिससे साठगांठ का ऑडियो सोशल मीडिया (‘एक्स’) पर वायरल होने के बाद पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कड़ी कार्रवाई करते हुए थाना सेक्टर-20 में तैनात सिपाही पुनीत को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर गिरफ्तार करवाया था।
सिपाही पुनीत और हेमा गैंग के बीच गांजे की नई खेप और क्वालिटी को लेकर डील हो रही थी। सिपाही की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस हेमा और नूरी गैंग के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी है।
शातिर महिला का लंबा-चौड़ा आपराधिक इतिहास
41 वर्षीय अभियुक्ता हेमा (पत्नी संजय उर्फ बाबू, निवासी जे0जे0 कॉलोनी, सेक्टर-18 नोएडा) कोई आम अपराधी नहीं है। उस पर पहले से ही एनडीपीएस (NDPS Act), जुआ अधिनियम और मारपीट के कई गंभीर मामले दर्ज हैं:
🔸 मु0अ0सं0 1209/2017: धारा 13 जुआ अधिनियम (थाना सेक्टर-20, नोएडा)
🔸 मु0अ0सं0 0088/2018: धारा 3/4 जुआ अधिनियम (थाना सेक्टर-20, नोएडा)
🔸 मु0अ0सं0 0177/2018: धारा 8/21 NDPS Act (थाना सेक्टर-20, नोएडा)
🔸 मु0अ0सं0 1758/2018: धारा 13 जुआ अधिनियम (थाना सेक्टर-20, नोएडा)
🔸 मु0अ0सं0 2003/2018: धारा 18/20 NDPS Act (थाना सेक्टर-20, नोएडा)
🔸 मु0अ0सं0 0934/2020: धारा 323/506 IPC (थाना सेक्टर-20, नोएडा)
🔸 मु0अ0सं0 0309/2026: धारा 8/20/29 NDPS Act (थाना फेज-1, नोएडा)
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले इस पूरे सिंडिकेट पर शिकंजा कसा जा चुका है और इससे जुड़े अन्य सफेदपोश व मददगारों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

