सूरजपुर | भारतीय टॉक न्यूज़ : ग्रेटर नोएडा के साकीपुर गांव में हुए चर्चित साजन भाटी हत्याकांड में थाना सूरजपुर पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हत्या की मुख्य साजिशकर्ता और अभियुक्तों की मां वीरमती को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वीरमती ने ही अपने बेटों को साजन की हत्या के लिए उकसाया था।
मामूली विवाद और खूनी अंजाम
यह मामला 5 और 6 मई 2026 की दरम्यानी रात का है, जब साकीपुर गांव में नाली के पानी की निकासी और कूड़ा डालने जैसी मामूली बात पर विवाद शुरू हुआ था। इस विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि साजन भाटी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद मृतक के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने बीएनएस (BNS) की संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
थाना सूरजपुर पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की मदद से 6 मई 2026 को वीरमती (59 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, वीरमती ने ही मौके पर अपने दोनों बेटों, मंगेश उर्फ टिल्लू और वीर सिंह, को साजन पर हमला करने और उसे खत्म करने के लिए उकसाया था।
गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस पहले ही वीरमती के दोनों बेटों मंगेश और वीर सिंह को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मां की गिरफ्तारी के साथ ही इस हत्याकांड की कड़ियां पूरी तरह जुड़ गई हैं।
अपराध का पुराना इतिहास
गिरफ्तार महिला वीरमती का भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। उसके खिलाफ थाना बीटा-2 में धोखाधड़ी और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में पहले से ही मामला दर्ज है। अब हत्या के मामले में संलिप्तता पाए जाने पर उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्ता का विवरण:
नाम: वीरमती पत्नी कालू
निवासी:ग्राम साकीपुर, थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर
उम्र: करीब 59 वर्ष

